पुलिस सीसीटीवीव्ही सर्विलांस कंट्रोल रूम का हुआ उद्घाटन
27 जगहों से 138 आंखों की खुफिया नजर बढ़ाएगी शहर की चौकसी,
आपराधिक गतिविधियों पर होगा नियंत्रण ~~मंत्री चौहान
आलीराजपुर~~~जिला मुख्यालय के 27 से चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर 138 खुफिया आंखें शहर की चौकसी बढ़ाएगी। सोमवार को पुलिस सीसीटीवीव्ही सर्विलांस कंट्रोल रूम का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य ,जोबट विधायक सेना पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष परवाल, कलेक्टर अरविंद बेडेकर के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव द्वारा प्रदेश में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं, जिसके प्रथम चरण में आलीराजपुर जिले का चयन होकर जिला मुख्यालय पर सीसीटीवीव्ही कैमरे लगाए जाने का कार्य पूरा हुआ है। इन सीसीटीवी कैमरा के लगाए जाने के चलते न केवल आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा अपितु अपराधों पर नियंत्रण भी लगेगा।
जोबट विधायक सेना पटेल ने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में सीसीटीवी कैमरा का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष परवाल ने कहा कि यह प्रदेश सरकार का एक अच्छा कदम है, जिसके चलते न केवल जिले में अपितु प्रदेश में भी अपराधों पर रोक लगेगी।
कलेक्टर बेडेकर ने कहां की जिले को सीसीटीवी कैमरे की सौगात मिली है, जिसका आज से तकनीकी रूप से काम आरंभ हो चुका है जो आमजन के साथ जिला पुलिस के लिए भी बहुत उपयोगी होकर अपराधों के नियंत्रण में कारगर सिद्ध होगा।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने इस दौरान सीसीटीवीव्ही सर्विलांस कंट्रोल रूम के द्वारा किए जाने की तकनीकी कार्य प्रणाली से मुख्य अतिथियों को अवगत कराते हुए बताया कि शहर में प्रस्तावित 27 चिन्हित स्थानों पर कुल 138 सीसीटीवीव्ही कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से शहर में निगरानी रखी जाएगी।
इस दौरान शहर के गण मान्य नागरिक, पुलिस के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।