डोल ग्यारह उत्सव भक्ति के रंग में रंगा --

डोल ग्यारस पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया
श्री चारभुजा नाथ के जयघोष से गूंजा बड़ी खट्टाली, भव्य चल समारोह में शामिल हुए श्रद्धालु 
बड़ी खट्टाली --- पियूष राठौड़ 
जलझूलनी एकादशी  डोल ग्यारस का पर्व मंगलवार को बड़ी खट्टाली में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। हथनी नदी में पानी की कमी के चलते कुंड बना कर भगवान का पूजन कर जलाभिषेक किया।
श्री चारभुजा धाम में भगवान श्री चारभुजा नाथ के दर्शन एवं डोला पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। दिनभर मंदिर में धार्मिक आयोजन हुए।
मंदिर में मंगला आरती, श्रृंगार आरती, ध्वजारोहण, फलाहारी राजभोग और उत्थापन आरती सहित धार्मिक कार्यक्रम हुए। शाम को भगवान श्री चारभुजा नाथ को डोले में विराजमान कर नगर भ्रमण के लिए ले जाया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शाम 4.30 बजे निकला भव्य चल समारोह रहा जो श्री चारभुजा मंदिर से आरंभ हो  कर ग्राम के प्रमुख मार्गो से निकल के हथनी नदी के किनारे पहुंचा।
चल समारोह में बग्घी, अश्व, डीजे और बैंड शामिल रहे। भजनों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते,जयकारे लगाते हुए चल समारोह में शामिल हुए। ग्राम  के प्रमुख मार्गों से निकल रहे डोले के दर्शन के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ रही। इस दौरान “हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” और “कौन हमारे साथ है, चारभुजा के नाथ हैं” जैसे जयघोष लगाए गए।
नदी में पानी की कमी के बीच कुंड बनाकर हुआ जलाभिषेक - चल समारोह हथनी नदी तट स्थित मैदान पर पहुंचा। इस वर्ष कम वर्षा के कारण हथनी नदी में पर्याप्त पानी नहीं था। ऐसे में जहां भगवान श्री चारभुजा नाथ का जलाभिषेक एवं पूजन किया जाना था। वहीं नदी के बीच एक कुंड बनाकर उसमें जल भरा गया। इसी कुंड में भगवान श्री चारभुजा नाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया जिसके पश्चात डोला आरती की गई।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। इसके बाद भगवान का डोला वापस मंदिर परिसर पहुंचा, जहां महाआरती हुई। रात्रि में भजन संध्या का आयोजन भी किया गया।
आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु - डोल ग्यारस को लेकर आसपास के क्षेत्रों में भी उत्साह रहा। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र तथा मध्यप्रदेश के इंदौर, झाबुआ, धार, आलीराजपुर, बड़वानी सहित आसपास के गांवों से श्रद्धालु बड़ी खट्टाली पहुंचे। श्रद्धालुओं के लिए स्थानीय स्तर पर प्रसादी सहित अन्य व्यवस्थाएं की गईं।
जोबट विधायक श्रीमती सेना पटेल,पूर्व विधायक माधोसिंह डावर,पूर्व विधायक  मुकेश पटेल,कांग्रेस नेता महेश पटेल,भाजपा जिला अध्यक्ष मकु परवाल,एडिशनल एसपी ज्योति उमठ, एसडीओपी आशुतोष पटेल, जोबट टीआई विजय वास्कले,भाजपा नेता सुरपाल अजनार, एमपीईबी के वीरेंद्रसिंह सोलंकी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और भगवान श्री चारभुजा नाथ के दर्शन किए।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form