सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत लगाए आशीर्वाद के दीपो से जगमगाया पंचेश्वर धाम
आलीराजपुर-- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार शाम शहर के प्राचीन पंचेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भव्य ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में 91 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना की गई। दीपों की अलौकिक रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और श्रद्धा, भक्ति तथा उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
प्रदेश सरकार के मंत्री चौहान ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज में जनभागीदारी, सामाजिक सरोकार और सेवा भावना को सशक्त बनाने का माध्यम है।
दीप प्रज्ज्वलन के दौरान पंचेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मनमोहक दृश्य उपस्थित हो गया। हजारों दीपों की उजास से मंदिर क्षेत्र आलोकित हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव की आराधना करते हुए राष्ट्र की उन्नति, प्रदेश की खुशहाली एवं जनकल्याण की प्रार्थना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
देर शाम तक भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर भगवान शिव के जयकारे लगाते रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर सोहन कनास, भाजपा जिला अध्यक्ष मकु परबाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।