गरबों के सुर ताल में सुबह तक महका डांडिया रास ---

परंपरा और आराधना के पर्व के
अंतिम दिन सुबह तक गरबों की धूम, माता की भक्ति में झूमे श्रद्धालु
आलीराजपुर में नवरात्रि महोत्सव का उल्लास चरम पर, विभिन्न समाजों और मोहल्लों में देर रात से सुबह तक चला गरबा-रास
आलीराजपुर -- शक्ति की आराधना के पर्व नवरात्रि के अंतिम दिन गरबा और रास का उत्साह देखते ही बना। नगर के विभिन्न समाजों एवं मोहल्लों में आयोजित गरबा महोत्सव में श्रद्धालु पूरी रात माता की भक्ति में लीन होकर गरबा खेलते नजर आए। इस दौरान प्रदेश सरकर के मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद श्रीमती अनीता चौहान और जोबट विधायक श्रीमती सेना पटेल कांग्रेस के नेता महेश पटेल ने भी गरबों के विभिन्न पांडालों में पहुंच  गरबा रास करते हुए लोगों को नवरात्रि पर्व एवं दशहरे पर्व की शुभकामनाएं दी।
पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और मधुर गरबा गीतों ने पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। नवरात्रि के अंतिम दिन गरबों का उत्साह इतना अधिक रहा कि कई स्थानों पर सुबह तक गरबा-रास का दौर चलता रहा।
नगर के असाड़ा राजपूत समाज, राठौड़ समाज बहारपुरा, वाणी मोहल्ला, पोरवाड़ समाज, नीमचौक और झंडा चौक पटेल पब्लिक स्कूल  माली  मोहल्ला सहित विभिन्न स्थानों पर गरबा आयोजन में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पारंपरिक गुजराती परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने कही  ढोल की थाप तो कही  गरबा गीतों की धुन पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। चारों ओर गूंजते माता के जयकारों और गरबा गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पारंपरिक वेशभूषा में दिखा संस्कृति का रंग
नवरात्रि के दौरान नगर में गरबा केवल नृत्य का आयोजन नहीं अपितु युवाओं के आनंद का ऐसा पर्व जिसका वे साल भर तक इंतजार करते हे।
महिलाओं ने रंग-बिरंगे चनिया-चोली और पारंपरिक आभूषणों में गरबा खेला, वहीं युवक भी पारंपरिक परिधानों में उत्साह के साथ शामिल हुए। बच्चों में भी गरबा को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।
सुबह तक बरकरार रहा उत्साह
नवरात्रि के अंतिम दिन प्रतिभागियों में विशेष उमंग देखने को मिली। रात बढ़ने के साथ गरबा खेलने वालों का उत्साह कम होने के बजाय और बढ़ता गया। कई स्थानों पर सुबह तक गरबा-रास की धूम रही। श्रद्धालुओं ने माता की आराधना करते हुए नवरात्रि पर्व को उल्लास और भक्तिभाव के साथ विदाई दी।
आलीराजपुर नगर के साथ जिले के उमराली,सिलौटा, छकतला ,बखतगढ़, फूलमाल,जोबट, आम्बुआ,उदयगढ़,  आजादनगर,कट्ठीवाड़ा,चांदपुर सहित विभिन्न ग्रामों और कस्बों में भी नवरात्रि के दौरान उत्साह दिखाई दिया। यह उत्साह नगर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, सामाजिक सहभागिता और धार्मिक आस्था को दर्शाता है। गरबा महोत्सव ने एक बार फिर नगरवासियों को भक्ति, उल्लास और आपसी सौहार्द के रंग में रंग दिया।
पुलिस की चाकचौबंद पहरेदारी ---नवरात्रि पर्व के दौरान पूरे जिले में पुलिस प्रशासन की चाकचौबंद पहरेदारी रही।जिले के पुलिस अधीक्षक की कप्तानी में विभिन्न थानों एवं चौकियों पर पदस्थ अधिकारियों कर्मचारियों ने सजकता से नवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया,जिसके चलते लोगों ने इस पर्व का आनंद से मनाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form