कैबिनेट मंत्री ने सुरक्षा वाहन हटाने लिखा पत्र,पीएम के संदेश पर किया अमल
आलीराजपुर --प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर धीरे-धीरे सभी दूर देखा जा रहा है। इसी कड़ी में केबिनेट मंत्री चौहान ने सुरक्षा के लिए उपलब्ध फॉलो वाहन को स्थानीय कार्यक्रमों में डीजल बचाने के उद्देश्य से हटाने के लिए कलेक्टर और एसपी को पत्र लिखा है।
शासन के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के डीजल बचत एवं संसाधनों के सीमित उपयोग के आह्वान को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा हेतु जिला स्तर पर उपलब्ध कराए गए फॉलो वाहन को वापस करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता ने जानकारी देते बताया कि शासन के निर्देशानुसार कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान को सुरक्षा की दृष्टि से एक फॉलो वाहन उपलब्ध कराया गया था। इसके अतिरिक्त जिले में भ्रमण के दौरान संबंधित थाने का वाहन भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईरान - अमेरिका युद्ध के चलते डीजल पेट्रोल की बचत के संबंध में किए गए आव्हान को मूर्त रूप देते हुए कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने ईंधन की बचत और अनावश्यक संसाधन उपयोग को कम करने की मंशा से निर्णय लेते हुए 14 मई 2026 से जिले के भीतर स्थानीय कार्यक्रमों में फॉलो वाहन का उपयोग बंद करने और उपलब्ध वाहन को वापस लौटाने का निर्णय लिया है।