1114 हितग्राहियों ने नहीं किया पीएम आवास निर्माण, जिला पंचायत में लगाई पेशी,दी चेतावनी
पंचायत सचिव और रोजगार सहायक की एक एक वेतन वृद्धि रोकी
आलीराजपुर --जिम्मेदारों की लापरवाही की चलते प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत जिले के 1114 हितग्राहियों को आवास निर्माण की पहली किस्त मिलने के बावजूद लगभग 1 वर्ष के बाद भी आवास निर्माण आरंभ नहीं किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ ने जिला पंचायत सभा कक्ष में सुनवाई करते हुए हितग्राहियों को एक सप्ताह में आवास निर्माण आरंभ करने के निर्देश दिए। वही संबंधित ग्राम सचिवों के साथ रोजगार सहायक की एक एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए हैं।
क्या हे मामला ---प्रधानमंत्री आवास जैसी महत्वपूर्ण योजना में जिले के 1114 हितग्राहियों ने अपने आवास स्वीकृत होने के बाद पहली किस्त तो ली, लेकिन लगभग 1 साल पूरा होने के बाद भी आवास निर्माण का कार्य आरंभ नहीं किया।
मामले की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम ने चंद्रशेखर आजादनगर,जोबट और आलीराजपुर के सभी हितकारी को सोमवार को जिला पंचायत में बुलाकर उनकी सुनवाई करते हुए उन्हें चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में अपने आवास का निर्माण कार्य एक सप्ताह में आरंभ नहीं किया गया तो आवंटित राशि की वसूली एवं राशि वापसी की कार्रवाई की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण योजना में लापरवाही बरतने वाले पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों की एक एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश भी जिला पंचायत सीईओ श्री मति गौतम ने दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार संबंधित हितग्राहियों को एक सप्ताह पूर्व ही नोटिस जारी कर जिला पंचायत में सुनवाई के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे।
जिला पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत होने और प्रथम किस्त की राशि लेने के बाद निर्माण कार्य आरंभ नहीं करने वाले हितग्राहियों में आलिराजपुर जनपद पंचायत के 206, जोबट जनपद पंचायत के 286, चंद्रशेखर आजाद नगर के 97, कट्ठीवाड़ा जनपद पंचायत के 138, सोंडवा जनपद पंचायत के 172 तथा उदयगढ़ जनपद पंचायत के 215 इस तरह जिले के कुल 1114 हितग्राही है।
इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्ध गोपाल वर्मा सहित जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।