विजयादशमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने निकाला भव्य पथ संचलन
100वर्षों के संघ कार्यों से समाज में संघ की स्वीकार्यता बढ़ी-सुनिल बागुल
अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश लेकर कदमताल करते निकले स्वयंसेवक
आलीराजपुर -- विजयादशमी के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में नगर में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। पथ संचलन का मुख्य कार्यक्रम फतेह क्लब मैदान पर आयोजित हुआ, जहां प्रमुख वक्ता के रूप में प्रांत बौद्धिक प्रमुख सुनील बागुल,जिला संघ चालक नानसिंह धाकड़, समाजसेवी रमेश सोमानी मंचासिन थे।
स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुनील बागुल ने कहा कि 100 वर्षों के संघ कार्यों से संघ की समाज में स्वीकार्यता बढ़ी है।
101 वर्ष संघ की स्थापना के हो गए। हिंदू समाज की शक्ति को एकत्र किया। हम अपनी संस्कृति को भूल गए। रामायण में जामवंत जी ने हनुमान जी की शक्ति को जगाया। वैसे ही संघ ने किया।
संघ के कार्य का प्रारंभ में उपहास हुआ। फिर बाद में संघ की शक्ति बड़ी तब समाज ने स्वीकार्यता प्रदान की। संघ लगातार हिंदू समाज के बीच में कार्य करता रहा। धीरे धीरे संघ ने अपनी संख्या बढ़ाई और राष्ट्र का जागरण किया।
पूरी दुनिया में भारत के आयुर्वेद की स्वीकार्यता बढ़ रही है। दुनिया की सभी विचार धाराएं फैल होते हुए दिख रही है केवल भारतीय संस्कृति की स्वीकार्यता ही बढ़ती हुई दिख रही हैं।
आने वाले समय में भारत को ही विश्व का नेतृत्व करना है इसलिए प्रत्येक भारतीय के मन में भारत भक्ति की ज्वाला जलती रहे।
कार्यक्रम के पश्चात स्वयंसेवक पूर्ण अनुशासन, एकरूपता और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ कतारबद्ध होकर नगर भ्रमण पर निकले। स्वयंसेवकों के कदमताल और अनुशासित पंक्तियों के साथ राष्ट्र वाद के जयघोषों ने वातावरण को राष्ट्रीय चेतना से ओतप्रोत कर दिया।
विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस पथ संचलन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने समाज में संगठन, अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। स्वयंसेवक निर्धारित गणवेश में कतारबद्ध होकर पूरे अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहे। पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों का उत्साह और सामूहिक कदमताल आकर्षण का केंद्र रही।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा पथ संचलन --
फतेह क्लब मैदान से प्रारंभ हुआ पथ संचलन नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। स्वयंसेवकों का विशाल कारवां नगर पालिका कार्यालय, मुर्गी बाजार, तिलक मार्ग, बस स्टैंड, शिवाजी मार्ग, महाराणा प्रताप मार्ग, ठक्कर बाबा मार्ग, सुभाष मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग, प्रतापगंज, रामदेव मंदिर और वाणी मोहल्ला होते हुए पुनः फतेह क्लब मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा।
नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते समय पथ संचलन का नागरिकों ने पुष्पों से स्वागत करते हुए जयघोष किया।
हमेशा की तरह स्वयंसेवकों की अनुशासित पंक्तियां और एक साथ मिलाकर बढ़ते कदम संगठन की एकजुटता का परिचय दे रहे थे। पूरे आयोजन में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और सामूहिक चेतना की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी।
अनुशासन और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश --
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा विजयादशमी के अवसर पर निकाले जाने वाले पथ संचलन का उद्देश्य स्वयंसेवकों में अनुशासन, संगठनात्मक एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है। इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ ही युवाओं को राष्ट्रसेवा और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रेरित करते हैं।
आलीराजपुर नगर में आयोजित पथ संचलन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने संगठित समाज और राष्ट्रहित के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया। निर्धारित मार्ग से नगर भ्रमण करने के बाद पथ संचलन पुनः फतेह क्लब मैदान पहुंचा।